रसोई गैस पर महंगाई की मार: घरेलू LPG सिलेंडर 29 रुपये महंगा, 7 जून से लागू हुए नए रेट

नई दिल्ली। महंगाई की मार झेल रहे आम उपभोक्ताओं को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून से देशभर में लागू हो गई हैं। पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं।
नई कीमतों के अनुसार राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। तेल कंपनियों का कहना है कि वैश्विक ऊर्जा बाजार में बढ़ती कीमतें, कच्चे तेल के दामों में उछाल और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव इस बढ़ोतरी के प्रमुख कारण हैं।
प्रमुख शहरों में घरेलू LPG सिलेंडर के नए दाम
दिल्ली – ₹942
मुंबई – ₹941.50
कोलकाता – ₹968
चेन्नई – ₹957.50
लखनऊ – ₹979.50
हैदराबाद – ₹994
बेंगलुरु – ₹915.50
जयपुर – ₹945.50
चंडीगढ़ – ₹951.50
नोएडा – ₹939.50
पटना – ₹1031.50
विशेषज्ञों के अनुसार यदि कोई परिवार हर महीने एक सिलेंडर का उपयोग करता है, तो उसे सालभर में लगभग 348 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ सकते हैं। बढ़ती महंगाई के बीच यह बढ़ोतरी मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल सकती है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मार्च महीने में भी घरेलू LPG सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे। वहीं पेट्रोल, डीजल और CNG की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी ने भी आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण घरेलू खर्चों पर दबाव बढ़ता जा रहा है।

Related Articles