कलसिया पुल निर्माण का रास्ता साफ, प्रशासन ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान


हल्द्वानी काठगोदाम स्थित कलसिया पुल के पास सोमवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में जेसीबी मशीनों के माध्यम से पुल के आसपास किए गए अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार लगातार बारिश और बरसात के कारण कलसिया पुल लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। वर्तमान में कुमाऊं क्षेत्र की यातायात व्यवस्था वैकल्पिक बेली ब्रिज के माध्यम से संचालित की जा रही है। यह पुल कुमाऊं मंडल के सभी छह जिलों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, इसलिए इसके स्थायी निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
स्थायी पुल निर्माण कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को हटाने के लिए प्रशासन ने पूर्व में संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए थे। निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर सोमवार को संयुक्त अभियान चलाकर जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध कब्जों को हटाया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि मानसून से पहले पुल निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और आम जनता को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनहित और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी

ADVERTISEMENTS Ad Ad

Related Articles