मुख्य सचिव के फ्लीट वाहन पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप, कार क्षतिग्रस्त, स्कूटी चालक गिरा

नई टिहरी। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के दो दिवसीय टिहरी दौरे के दौरान उनके फ्लीट में शामिल एक पुलिस वाहन द्वारा लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तेज रफ्तार फ्लीट वाहन ने एक कार को रगड़ मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि एक स्कूटी चालक बचने के प्रयास में सड़क किनारे गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देहरादून से आई पुलिस फ्लीट का चालक शुक्रवार सुबह अकेले ही शहर की सड़कों पर वाहन चला रहा था। स्थानीय निवासी प्रवीन सिंह ने बताया कि वह सुबह करीब साढ़े नौ बजे बीपुरम की ओर ड्यूटी पर जा रहे थे। पेट्रोल पंप से कुछ दूरी नीचे सामने से आ रहे तेज रफ्तार फ्लीट वाहन को देखकर उन्होंने अपनी कार सड़क के किनारे कर दी, लेकिन इसके बावजूद वाहन उनकी कार को रगड़ते हुए निकल गया। घटना में उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं, एक अन्य स्थानीय निवासी राकेश प्रसाद उनियाल ने बताया कि वह बौराड़ी पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे फ्लीट वाहन से बचने के प्रयास में उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। हालांकि गनीमत रही कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा में लगे वाहनों के चालकों को भी यातायात नियमों का पालन करना चाहिए, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।



