बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी कांड में बड़ा खुलासा: पूर्व मंदिर अधिकारी गिरफ्तार, CCTV में कैद हुई संदिग्ध गतिविधियां

चमोली। बदरीनाथ धाम मंदिर के चढ़ावे की धनराशि और दान सामग्री की चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में पूर्व मंदिर अधिकारी एवं तत्कालीन थाली भेंट गणना प्रभारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेजी साक्ष्य और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी से करीब चार घंटे तक गहन पूछताछ की गई। मामले में एक अन्य संदिग्ध की भी पहचान हो चुकी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
इससे पहले 12 जुलाई को बीकेटीसी के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को भी इसी मामले में गिरफ्तार किया गया था, जो वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में पुरसाड़ी जेल में बंद है। जांच के दौरान पुलिस ने थाली भेंट गणना कक्ष की विभिन्न तिथियों की सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए।
जांच में सामने आया कि राजेंद्र चौहान और प्रमोद नौटियाल ने कथित रूप से मिलकर चढ़ावे की चोरी की साजिश रची। सीसीटीवी फुटेज में 22, 25 और 29 जून को राजेंद्र चौहान कई बार 500 रुपये के नोटों की गड्डियां, दान सामग्री और आभूषण अपनी जेब में रखते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें ज्योतिर्मठ से हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।
पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित जांच जारी है। जांच के दौरान 22 और 25 जून की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में कुछ अन्य लोगों की गतिविधियां भी संदिग्ध मिली हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है और आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ और बड़े खुलासे तथा गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।


