बागेश्वर में जीआईसी प्रधानाचार्य की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार

बागेश्वर: जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) भटखोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (56) की स्कूल जाते समय चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दयानंद टम्टा तहसील रोड, बागेश्वर के निवासी थे। बताया जा रहा है कि हाल ही में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के रूप में विद्यालय में स्थानांतरित होकर आए नवल किशोर सोराड़ी, निवासी लमगड़ा (अल्मोड़ा), ने कथित तौर पर पीछे से चाकू से हमला कर दिया। हमले में प्रधानाचार्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



