मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिजली-ईंधन बचत के लिए जारी किए 23 नए निर्देश,ऊर्जा संरक्षण की मुहिम को UPCL का बड़ा बल,



देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की पहल को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने बिजली, ईंधन और सरकारी संसाधनों की बचत सुनिश्चित करने के लिए 23 नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निगम का उद्देश्य अनावश्यक खर्चों पर अंकुश लगाना, ऊर्जा दक्षता बढ़ाना और सरकारी संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना है।
जारी आदेशों के तहत सभी कार्यालयों और सरकारी भवनों में एयर कंडीशनर (एसी) का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखना अनिवार्य किया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को एसी का न्यूनतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही कार्यालयों में अनावश्यक रूप से जलने वाली लाइटों तथा सजावटी रोशनी पर भी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ऊर्जा और ईंधन की बचत के लिए कर्मचारियों एवं अधिकारियों को कारपूलिंग तथा कर्मचारी बस सेवा का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा कर्मचारियों को साइकिल से कार्यालय आने-जाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। विभागीय कर्मचारियों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन के अधिकाधिक उपयोग के निर्देश दिए गए हैं।
UPCL ने खर्चों में कटौती और संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए गैर-जरूरी विदेशी एवं घरेलू यात्राओं पर अस्थायी रोक लगाने का भी निर्णय लिया है। अधिकारियों को बैठकों, समीक्षा कार्यों और समन्वय गतिविधियों के लिए वर्चुअल मीटिंग तथा हाइब्रिड गवर्नेंस मॉडल अपनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय और संसाधनों दोनों की बचत हो सके।
निगम के अधिकारियों के अनुसार ये सभी दिशा-निर्देश ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और वित्तीय अनुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इन उपायों से बिजली और ईंधन की खपत में कमी आने के साथ-साथ सरकारी संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
UPCL का मानना है कि इन 23 नए निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन से न केवल निगम के खर्चों में कमी आएगी, बल्कि ऊर्जा बचत के क्षेत्र में एक सकारात्मक और अनुकरणीय उदाहरण भी स्थापित होगा।

Related Articles