दूध कारोबार में बिंदुखत्ता की समितियों का दबदबा, बिंदुखेड़ा अव्वल; संजय नगर दूसरे और रावत नगर तीसरे स्थान पर

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में दुग्ध संग्रहण और कारोबार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियों का दबदबा देखने को मिला। लालकुआं-बिंदुखत्ता क्षेत्र की समितियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया।
दुग्ध कारोबार में बिंदुखेड़ा दुग्ध समिति ने एक करोड़ 77 लाख 83 हजार 862 रुपये के कारोबार के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं संजय नगर दुग्ध समिति एक करोड़ 75 लाख 45 हजार 440 रुपये के कारोबार के साथ दूसरे और रावत नगर दुग्ध समिति एक करोड़ 58 लाख 79 हजार 432 रुपये के कारोबार के साथ तीसरे स्थान पर रही।
अधिवेशन के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली दुग्ध समितियों को सम्मानित कर उनके पदाधिकारियों और दुग्ध उत्पादकों का उत्साहवर्धन किया गया। इसके अलावा हरिपुर कुंवर सिंह और पलड़िया दुग्ध समितियों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। वर्ष 2025-26 के दौरान संघ को उपलब्ध कराए गए दूध की कुल कीमत के आधार पर पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों की 10 उत्कृष्ट दुग्ध समितियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समिति प्रतिनिधियों ने दुग्ध उत्पादकों के हितों को प्राथमिकता देने और समितियों को लगातार प्रोत्साहित करने के लिए संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पशुपालकों की मेहनत को पहचान और सम्मान देने की पहल से सहकारिता की भावना को मजबूती मिल रही है।
संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने सम्मानित समितियों और दुग्ध उत्पादकों को बधाई देते हुए कहा कि समितियों की इस उपलब्धि के पीछे पशुपालकों की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उत्कृष्ट समितियों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनके योगदान को पहचान दिलाने के साथ अन्य समितियों और दुग्ध उत्पादकों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है तथा उनके आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।





