पंतनगर में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छात्रों संग की धान की रोपाई, प्राकृतिक खेती और हरित खाद को दिया बढ़ावा


पंतनगर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर पहुंचे। उनके आगमन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
दौरे के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित ऐतिहासिक संग्रहालय (म्यूजियम) का निरीक्षण किया और कृषि अनुसंधान से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के कृषि फार्म का भ्रमण कर आधुनिक एवं पारंपरिक खेती की तकनीकों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कृषि छात्रों और शोधार्थियों के साथ स्वयं खेत में उतरकर पारंपरिक तरीके से धान की रोपाई की। उन्होंने युवाओं की कृषि क्षेत्र में बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि देश का भविष्य आधुनिक सोच और वैज्ञानिक खेती अपनाने वाले युवा किसानों के हाथों में है।
केंद्रीय मंत्री ने ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग को कम करने और हरित खाद (ग्रीन मैन्योर) को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंतनगर विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्थान हरित क्रांति का अग्रदूत रहा है और किसानों को समृद्ध बनाने में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक, विश्वविद्यालय के फैकल्टी सदस्य, शोधार्थी तथा कृषि क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रगतिशील किसान भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कृषि में नवाचार, प्राकृतिक खेती और किसानों की आय बढ़ाने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

Related Articles