
हल्द्वानी के KVM स्कूल में लगी भीषण आग, चंद मिनटों में राख हुई इमारत, तीन बसें भी जलीं
हल्द्वानी। शहर के मुखानी क्षेत्र में स्थित KVM स्कूल परिसर मंगलवार शाम अचानक भीषण आग की लपटों में घिर गया। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि स्कूल की बहुमंजिला इमारत धू-धू कर जलने लगी। आसमान में उठते धुएं के काले गुबार और आग की ऊंची लपटों ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब सात बजे आग लगने की सूचना मिली। कुछ ही मिनटों में आग ने स्कूल भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसकी लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। घटना के दौरान आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में खड़ी तीन बसें भी आग की चपेट में आ गईं और देखते ही देखते जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछारें कीं।
राहत की बात यह रही कि घटना के समय स्कूल परिसर में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इससे एक बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि आग से स्कूल भवन और अन्य संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों ने मोर्चा संभाल रखा है। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। अधिकारियों द्वारा नुकसान का आकलन करने के साथ ही आग के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।


