अमेज़ॉन के गोदाम में आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत

पर्वतीय न्यूज लाइन

हल्द्वानी। देर रात उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में अमेज़ॉन के एक गोदाम में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई। एस पी सिटी मनोज कत्याल के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब 11:50 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि शीतल होटल के सामने स्थित अमेज़ॉन के गोदाम में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही थाना हल्द्वानी पुलिस, अग्निशमन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि गोदाम में आग तेजी से फैल चुकी थी। पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस के मुताबिक आग बुझाने के बाद गोदाम के भीतर कार्यरत दो कर्मचारियों के गंभीर रूप से झुलसने और धुएं के कारण दम घुटने से मौत होने की पुष्टि हुई। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र प्रसाद, निवासी बागजाला (गोलापार) और 25 वर्षीय अमित आर्य, निवासी रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी तथा पुलिस अधीक्षक (नगर) भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और अब स्थिति सामान्य है। हालांकि इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Articles