40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को राज्य के सात जिलों में बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। वहीं 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की भी संभावना जताई गई है। राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश दर्ज हो सकती है।
मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहा। रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पौड़ी, देहरादून और नैनीताल में तेज बारिश हुई, जबकि देहरादून में तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। दूसरी ओर काशीपुर 39 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 4 जून को पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। 5 जून को पर्वतीय क्षेत्रों के साथ मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन की संभावना है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने चारधाम यात्रियों, पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों तथा स्थानीय निवासियों से मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।



