खड़गे का बयान राजनीतिक मर्यादाओं के विरुद्ध, देशवासियों से मांगें माफी : अजय भट्ट

हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधम सिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने खड़गे से अपने बयान के लिए देशवासियों से माफी मांगने की मांग की।
अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति राजनीतिक विरोध करना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर उनके दिवंगत परिजनों के संबंध में अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है। सार्वजनिक जीवन में प्रत्येक नेता को भाषा की गरिमा और राजनीतिक मर्यादाओं का पालन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के प्रति पूर्व में की गई अमर्यादित टिप्पणियों के बाद अब उनके दिवंगत पिता को लेकर ऐसी टिप्पणी सामने आना राजनीति में गिरते संवाद के स्तर को दर्शाता है।
भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। विपक्ष को सरकार की नीतियों और कार्यों पर स्वस्थ बहस करनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत टिप्पणियों से राजनीतिक माहौल खराब करना चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से अपने बयान पर देशवासियों से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन भाषा की मर्यादा और प्रधानमंत्री पद की गरिमा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।





