धारी में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, लेटीबुंगा से भटेलिया तक निकली भव्य तिरंगा बाइक रैली

धारी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में धारी और रामगढ़ क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में लेटीबुंगा से भटेलिया तक भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर निकले कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
रैली का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने राष्ट्रध्वज फहराकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से हर घर तिरंगा फहराने और राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में सभी से सक्रिय योगदान देने की अपील की।
रैली के समापन पर प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।



