बदरीनाथ धाम चढ़ावा गड़बड़ी मामला: फरार कर्मचारी प्रमोद नौटियाल देहरादून से गिरफ्तार, CCTV फुटेज बना अहम सबूत


चमोली। बदरीनाथ धाम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की राशि में कथित हेराफेरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को उत्तराखंड पुलिस ने रविवार देर रात देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बदरीनाथ लेकर पहुंची। पुलिस को पूछताछ से मामले में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) से संबंधित दस्तावेज, रिकॉर्ड और आंतरिक जांच रिपोर्ट अपने कब्जे में ले ली है। वहीं चढ़ावे की गणना के दौरान लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। जांच में 25 जून की फुटेज में आरोपी प्रमोद नौटियाल कथित रूप से नोटों की गड्डियां ले जाते हुए दिखाई दिया, जिसे पुलिस अहम साक्ष्य मान रही है।
जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की राशि के रखरखाव और बैंक में जमा करने की प्रक्रिया के दौरान वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत सामने आई थी। प्रारंभिक जांच में कथित हेराफेरी के संकेत मिलने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद वह फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर लगातार कई स्थानों पर दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई को चढ़ावे की गणना के दौरान आरोपी सहित 12 से अधिक लोग गणना कक्ष में मौजूद थे। इनमें बीकेटीसी के कर्मचारी और कुछ स्थानीय साधु-संत भी शामिल थे। अब सभी संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जा रही है। मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles