दमुवाढूंगा में मालिकाना हक की राह आसान, ड्रोन से डिजिटल सर्वे पूरा

हल्द्वानी, दमुवाढूंगा क्षेत्रवासियों को उनकी भूमि का मालिकाना हक दिलाने की दिशा में प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। शासन के निर्देश पर क्षेत्र के सीमांकन, सर्वे और बंदोबस्ती की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। प्रशासन ने ड्रोन के माध्यम से डिजिटल सर्वे पूरा कर पीलर भी स्थापित कर दिए हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि दमुवाढूंगा में निवासरत पात्र लोगों के भू-अधिकारों और हिस्सेदारी से संबंधित अभिलेख तैयार किए जा रहे हैं। स्वामित्व योजना के तहत पात्र क्षेत्रवासियों को भूमि से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
ड्रोन से डिजिटल बंदोबस्ती की पहल
दमुवाढूंगा में सीमांकन और बंदोबस्ती के लिए पहली बार आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। ड्रोन सर्वे के आधार पर डिजिटल अभिलेख तैयार किए जा रहे हैं, जिससे बंदोबस्ती की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में मदद मिलेगी।
वर्षों के इंतजार के बाद जगी उम्मीद
मालिकाना हक की मांग को लेकर दमुवाढूंगा क्षेत्रवासी लंबे समय से प्रयासरत रहे हैं। प्रक्रिया आगे बढ़ने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार जताया।
ग्रामीणों ने मांग की कि भूमि संबंधी मालिकाना हक की प्रक्रिया जल्द पूरी कर पात्र लोगों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि पात्र लोगों के भू-अधिकारों से जुड़े अभिलेख नियमानुसार तेजी से तैयार किए जा रहे हैं। इससे दमुवाढूंगा के पात्र निवासियों को अपनी भूमि से संबंधित अधिकारों के दस्तावेज मिलने का रास्ता साफ होगा।



