उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू, घर-घर पहुंचेंगे गणना फॉर्म
देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार से प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि राज्य के सभी 11,733 बीएलओ को गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभियान के तहत आगामी 7 जुलाई तक सभी मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाए जाएंगे और बीएलओ द्वारा इन्हें डिजिटलाइज भी किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जो मतदाता दिन में नौकरी या अन्य कार्यों के कारण घर पर उपलब्ध नहीं रहते हैं, वे “बुक ए कॉल विद BLO” फीचर का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता ECI-Net मोबाइल ऐप या निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपने बीएलओ के साथ समय निर्धारित कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिन के भीतर बीएलओ संबंधित मतदाता से संपर्क करेंगे।
उन्होंने बताया कि यदि बीएलओ के भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है, तो बीएलओ अधिकतम तीन बार घर पर जाएंगे। साथ ही घर पर एक स्टिकर चस्पा कर अगली विजिट की तिथि और संपर्क नंबर भी अंकित करेंगे, जिससे मतदाता अपनी सुविधा के अनुसार गणना फॉर्म भरवा सकें।
अभियान के दौरान मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें और बीएलओ को उपलब्ध कराएं। हालांकि, 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर भ्रमण के दौरान गणना फॉर्म के साथ किसी अन्य दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। वहीं 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 के बीच प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि मतदाता स्वयं ECI-Net ऐप के माध्यम से गणना फॉर्म ऑनलाइन डाउनलोड कर भर सकते हैं और अपलोड भी कर सकते हैं। यदि कोई पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहता है, तो वह अपने बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 भर सकता है, जिस पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत विचार किया जाएगा।

