रामनगर-काशीपुर रोड के गड्ढों पर CM धामी सख्त, तय समय में सड़क होगी गड्ढामुक्त


रामनगर/हल्द्वानी, 07 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामनगर-काशीपुर मार्ग की स्थिति का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सड़क को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सड़क को गड्ढामुक्त करने के कार्य की प्रतिदिन निगरानी सुनिश्चित करने के साथ ही कुमाऊं मंडल की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा में गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत द्वारा रामनगर-काशीपुर मार्ग पर चल रहे पैच मरम्मत कार्य की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और सड़क मरम्मत में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए हैं।
मंडलायुक्त ने बताया कि काशीपुर से रामनगर प्रभाग के अंतर्गत रामनगर-काशीपुर मार्ग पर कुल 18 किलोमीटर पैच मरम्मत का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 11.5 किलोमीटर सड़क पर पैच मरम्मत का कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए प्लांट और कार्यस्थल पर 30 से अधिक श्रमिक लगातार कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य में 3 स्टेटिक रोलर, 1 वाइब्रेटर रोलर, 1 पेवर, 2 टार बॉयलर, 8 टिपर और 1 जेसीबी का उपयोग किया जा रहा है। वहीं प्लांट में 50 मीट्रिक टन बिटुमिन की क्षमता उपलब्ध है। सड़क निर्माण में उपयोग होने वाली 6 एमएम, 10 एमएम और 20 एमएम ग्रिट सामग्री भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने सभी संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिए कि सड़क को गड्ढामुक्त करने के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य की गुणवत्ता के साथ-साथ उसकी प्रगति की भी लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि रामनगर-काशीपुर मार्ग के साथ-साथ कुमाऊं मंडल के अन्य महत्वपूर्ण मार्गों को भी प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

Ad Ad

Related Articles