हल्द्वानी में स्पा सेंटर संचालक गिरफ्तार, देह व्यापार मामले में डेढ़ महीने बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी


हल्द्वानी। शहर के तिकोनिया क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से संचालित देह व्यापार मामले में फरार चल रहे स्पा सेंटर संचालक राहुल जायसवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले डेढ़ महीने से फरार था।
जानकारी के अनुसार, 12 जून को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर पर छापेमारी कर कथित सेक्स रैकेट का खुलासा किया था। कार्रवाई के दौरान छह युवतियों को रेस्क्यू किया गया था, जबकि महिला मैनेजर, एक कर्मचारी और दो ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि स्पा सेंटर संचालक मौके से फरार हो गया था।
पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। अब हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने आरोपी राहुल जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, जांच में स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक देह व्यापार संचालित किए जाने की पुष्टि होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles