स्कॉर्पियो खाई में गिरने से चौकी प्रभारी की दर्दनाक मौत, पुलिस महकमे में शोक की लहर

ऋषिकेश। थाना मुनि की रेती क्षेत्र के शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार शर्मा की एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात हुआ, जिससे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, रानीपोखरी निवासी विनोद कुमार शर्मा देर रात मुनि की रेती थाने से ड्यूटी पूरी कर अपनी स्कॉर्पियो से शिवपुरी चौकी जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की जानकारी पुलिस प्रशासन को काफी देर बाद मिली।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य चलाया और विनोद शर्मा को खाई से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विनोद कुमार शर्मा पूर्व में भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वह ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी के पद पर भी कार्य कर चुके थे। अपने सरल और मिलनसार स्वभाव के कारण वह पुलिस विभाग और आम जनता के बीच काफी लोकप्रिय थे।
उनके आकस्मिक निधन की खबर से रानीपोखरी क्षेत्र सहित पूरे पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि उनके दूसरे भाई भी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



