जनपद नैनीताल में मानसून आपदा से निपटने की तैयारियों का परीक्षण, पांच स्थानों पर सफल रही मॉक ड्रिल

नैनीताल, मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने और विभिन्न विभागों की तैयारियों का आकलन करने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद नैनीताल में व्यापक स्तर पर मानसून आपदा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर आयोजित इस अभ्यास में जिले के पांच अलग-अलग स्थानों पर काल्पनिक आपदा की परिस्थितियां बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का सफल प्रदर्शन किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान, सिंचाई विभाग सहित अन्य संबंधित एजेंसियों ने आपसी समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत भी वीसी से जुड़े रहे।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिला आपदा परिचालन केंद्र से नैनीताल फ्लैट मैदान, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार, बेतालघाट की काली पहाड़ी, कालाढूंगी के निहाल नाले तथा लालकुआं के बिंदुखत्ता गौला नदी सहित सभी पांचों मॉक ड्रिल स्थलों पर राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान गौला नदी में तेज बहाव के बीच 20 से 25 लोगों के फंसे होने का परिदृश्य तैयार किया गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और सभी लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजा गया।
इसी प्रकार लालकुआं के बिंदुखत्ता गौला नदी, कालाढूंगी के निहाल नाले तथा बेतालघाट की काली पहाड़ी में भी राहत एवं बचाव अभियान का सफल अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के बाद आयोजित डीब्रीफिंग सत्र में अधिकारियों ने अनुभव साझा करते हुए भविष्य में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


