हल्द्वानी: स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों पर भड़का जनआक्रोश, मुख्य अभियंता का किया घेराव

उपभोक्ताओं ने कहा – नहीं चाहिए स्मार्ट मीटर, बिलों में बढ़ोतरी ने तोड़ी कमर

हल्द्वानी, 31 जुलाई शहर में स्मार्ट मीटर लगाए जाने और बिजली बिलों में अचानक हुई बेतहाशा वृद्धि को लेकर बुधवार को उपभोक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। पार्षद मनोज जोशी और पूर्व पार्षद मनोज मठपाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नाराज़ उपभोक्ता ऊर्जा निगम कार्यालय पहुंचे और मुख्य अभियंता का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से बिलों में बेतुकी बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। पहले भी अधिशासी अभियंताओं से कई दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन समाधान के नाम पर सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं।

“मीटर काटकर जमा करेंगे” – पार्षद का सख्त संदेश

पार्षद मनोज जोशी ने चेतावनी दी,

“यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उपभोक्ता अपने स्मार्ट मीटर काटकर विभाग में जमा कर देंगे। स्मार्ट मीटर की जबरन स्थापना का हम पुरजोर विरोध करते हैं। यदि इससे कोई विवाद होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी ऊर्जा विभाग की होगी।”

पूर्व पार्षद मनोज मठपाल ने भी विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मीटर लगाने वाले कर्मचारी उपभोक्ताओं को चालान के नाम पर धमका रहे हैं, जिससे जनता में भय और गुस्सा दोनों बढ़ रहा है।

महिलाओं की भी मजबूत भागीदारी, उठी पुराने मीटर बहाल करने की मांग

प्रदर्शन में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी पीड़ा खुलकर व्यक्त की। कई महिलाओं ने पुरानी मीटर प्रणाली को बहाल करने की मांग की और कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल दोगुना-तिगुना आने लगे हैं।

मुख्य अभियंता ने दिया आश्वासन

मौके पर पहुंचे मुख्य अभियंता ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और कहा कि जब तक समाधान नहीं निकलेगा, तब तक स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे अपने बिजली बिल कार्यालय को सौंपें, प्रत्येक मामले की अलग-अलग जांच की जाएगी।

प्रदर्शन में ये लोग रहे प्रमुख रूप से शामिल

इस विरोध प्रदर्शन में पार्षद मनोज जोशी, पूर्व पार्षद मनोज मठपाल, कैलाश रौतेला, जीपी सुयाल, राम सिंह बसेरा, कोस्टब भट्ट, प्रीति, मनीष साहू, चंद्रा सेनी, प्रेम बल्लभ जोशी, गायत्री, सुनील, फरजान, परवीन, निशा, सपना, विद्या देवी, शकुंतला, सुनीता साहू, मंजू, ममता देवी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles