देहरादून में धामी कैबिनेट का विस्तार, नए मंत्रियों ने ली शपथ – प्रदर्शन और संतुलन पर रहा फोकस
देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने नव-नियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में सबसे पहले खजान दास ने शपथ ग्रहण की। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत भाषा में शपथ लेकर समारोह को विशेष बना दिया। क्रमशः मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा ने भी मंत्रिपद की शपथ ली।
बताया जा रहा है कि पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल में पहले से पांच पद रिक्त थे, जिन्हें अब भर दिया गया है। नए मंत्रियों के चयन में पिछले चार वर्षों के कार्य प्रदर्शन को प्रमुख आधार बनाया गया है। साथ ही क्षेत्रीय और जातीय संतुलन का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
प्रदेश में लंबे समय से कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। पार्टी के राष्ट्रीय और राज्य नेतृत्व के बीच कई दौर की बैठकों के बाद अंततः यह निर्णय लिया गया और मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया।




