मुख्यमंत्री धामी आज नैनीताल और भीमताल दौरे पर, पर्यावरण दिवस कार्यक्रमों में करेंगे प्रतिभाग


नैनीताल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार, 5 जून को एक दिवसीय जनपद नैनीताल भ्रमण पर पहुंच रहे हैं। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे।
जिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 8 बजे देहरादून स्थित जीटीसी हेलीपैड से प्रस्थान कर प्रातः 9:10 बजे नैनीताल के सेंट जोसेफ स्कूल मैदान हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वे कार द्वारा राज्य अतिथि गृह नैनीताल जाएंगे, जहां सुबह 10:10 बजे से 10:50 बजे तक पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ भेंट एवं वार्ता करेंगे।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री 11 बजे सेंट जोसेफ स्कूल मैदान हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा भीमताल के विकास भवन खेल मैदान हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से वे कार द्वारा भीमताल झील पहुंचकर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री धामी दोपहर 11:55 बजे रामलीला ग्राउंड, भीमताल (मल्लीताल) पहुंचकर विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को पर्यावरण संरक्षण और जनसंपर्क की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles