भारतीय ज्ञान परंपरा पर सात दिवसीय कार्यक्रम संपन्न, 300 विद्यार्थियों को मिले प्रमाण पत्र

हल्द्वानी। ग्राफिक एरा हिल विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में भारतीय ज्ञान परंपरा के विविध आयामों पर आयोजित सात दिवसीय गहन शिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान अकादमिक मानकों को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले करीब 300 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
सात दिनों तक चले इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक के संदर्भ में समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञों के व्याख्यान, विभिन्न कार्यशालाओं तथा परियोजना आधारित शिक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया। संवादात्मक एवं व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया गया।
परिसर निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा भविष्य के नवाचार और सतत विकास की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि युवा पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़कर भविष्य के निर्माण के लिए तैयार है।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक सहायक प्राध्यापक संदीप अभिषेक ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि गहन शिक्षण के माध्यम से उन्हें परिणाम-उन्मुख मंच उपलब्ध कराना था। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस क्षेत्र में वृहद शोध परियोजनाओं को आकर्षित करने के साथ ही पारंपरिक भारतीय ज्ञान पर आधारित नवीन बौद्धिक संपदा अधिकार दर्ज कराने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और भारतीय ज्ञान परंपरा के क्षेत्र में आगे शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया



