कुमाऊं में भाजपा संगठन की बड़ी बैठक, सीएम धामी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का दिया मंत्र

हल्द्वानी/चोरगलिया। भारतीय जनता पार्टी की कुमाऊं संभाग के जिला अध्यक्षों एवं मंडल अध्यक्षों की संगठनात्मक बैठक रविवार को लालकुआं विधानसभा के गौलापार मंडल अंतर्गत चोरगलिया स्थित नंधौरगढ़ रिसोर्ट में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के साथ हुआ।
बैठक में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है और संगठन को लगातार मजबूत करने में इस तरह की बैठकें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन और सरकार मिलकर जनता के हित में कार्य कर रहे हैं। सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। जिला एवं मंडल पदाधिकारियों के साथ संवाद के माध्यम से जमीनी स्तर की समस्याओं और सुझावों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने पदाधिकारियों से संगठन की स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं की समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव, पार्टी कार्यक्रमों और रणनीति पर चर्चा करना है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा भाजपा पर दलित विरोधी होने के लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प के साथ देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के अपमान, सनातन और महिला विरोधी रवैये तथा तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार चुनावी हार के बावजूद कांग्रेस अपनी गलतियों से सीखने को तैयार नहीं है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए जिला एवं मंडल अध्यक्षों से इन्हें जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी का संगठन लगातार विस्तार और मजबूती की दिशा में काम कर रहा है। मंडल एवं जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर बैठक में विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, पार्टी की गतिविधियों तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में हुई बैठक को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार मौजूद रहे, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने किया। बैठक में कुमाऊं संभाग के आठ जिलों—नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, काशीपुर, चंपावत, पिथौरागढ़, रानीखेत, अल्मोड़ा और बागेश्वर—के जिला अध्यक्षों सहित 130 मंडल अध्यक्षों ने प्रतिभाग किया।



