पशुपालकों के लिए बड़ी खुशखबरी! फरवरी से दूध के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा, 295.52 करोड़ का बजट मंजूर

34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को मिलेगा बढ़ोतरी का लाभ, उत्कृष्ट पशुपालकों और दुग्ध समितियों से जुड़े लोगों को 6.50 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि देकर किया सम्मानित
हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों के हित में कई अहम फैसले लिए गए। अधिवेशन में जहां 295 करोड़ 52 लाख रुपये का वार्षिक बजट पारित किया गया, वहीं आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने की घोषणा की गई। इस फैसले को क्षेत्र के हजारों पशुपालक परिवारों के लिए बड़ी राहत और दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की। अधिवेशन में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, राज्यमंत्री मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुमका सहित दुग्ध विकास विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर दुग्ध संघ से जुड़ी 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों और करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों की भागीदारी रही। अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, दुग्ध व्यवसाय को विस्तार देने और सहकारी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
उत्कृष्ट पशुपालकों को मिला सम्मान
अधिवेशन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों, समिति सचिवों और दुग्ध विक्रेताओं को कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि चेक के माध्यम से वितरित की गई। मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों की महिला एवं पुरुष दुग्ध उत्पादकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा आठ विकासखंडों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों, बिंदुखत्ता क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों, समिति सचिवों और दुग्ध विक्रेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
फरवरी से बढ़ेगा दूध खरीद मूल्य
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की जाएगी। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना और उन्हें दुग्ध उत्पादन के प्रति प्रोत्साहित करना है। संघ से जुड़े 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वहीं महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में जल्द ही आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। इससे शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।
कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस दौरान दुग्ध संघ के संचालक मंडल के सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी और विभिन्न दुग्ध समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





