बाजपुर के होटल में एएचटीयू का छापा, तीन महिलाएं हिरासत में, होटल सील

बाजपुर। नैनीताल रोड स्थित बाजपुर के लेवड़ा पुल के पास एक होटल में बुधवार को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो महिलाओं और एक युवती को हिरासत में लिया। कार्रवाई के बाद होटल को सील कर दिया गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार एएचटीयू प्रभारी संगीता चंद के नेतृत्व में गठित टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से होटल में छापा मारा। टीम में कानूनगो कृपाल सिंह, लेखपाल हंसराज, कांस्टेबल सुरेश गिरी, महिला कांस्टेबल गीता जोशी तथा महिला उपनिरीक्षक कुसुम रावत शामिल रहीं।
छापेमारी के दौरान होटल से दो महिलाओं और एक युवती को हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के समय एक युवती और दो युवक होटल परिसर की दीवार फांदकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
मौके से तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं, जिन्हें कोतवाली पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों से एएचटीयू टीम द्वारा पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।



