देहरादून दुष्कर्म प्रकरण पर फूटा जनाक्रोश, पलटन बाजार बंद कर लोगों ने किया प्रदर्शन

देहरादून। राजधानी देहरादून में 14 वर्षीय किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म की घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी से नाराज स्थानीय लोगों, व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पलटन बाजार बंद करा दिया और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता का परिवार संबंधित मकान में किराये पर रहता है। शिकायत में बताया गया कि बुधवार देर रात किशोरी भवन की दूसरी मंजिल पर बने शौचालय में गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसे देखने पहुंचे, जहां किशोरी ने मकान मालिक के भांजे पर दुष्कर्म का आरोप लगाया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और विभिन्न संगठनों के सदस्य नगर कोतवाली पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।
मामले को लेकर स्थानीय व्यापार मंडल भी आंदोलन में शामिल हो गया। व्यापारियों ने विरोध स्वरूप पलटन बाजार क्षेत्र में दुकानें बंद रखीं और प्रशासन से दोषी के खिलाफ सख्त एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
इस घटना के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कठोर दंड देने की मांग कर रहे हैं।



