बेस्ट सीएम सर्वे 2026 में सीएम धामी देशभर में दूसरे स्थान पर, 881 अंकों के साथ हासिल की बड़ी उपलब्धि

योगी आदित्यनाथ पहले और हिमंत बिस्वा सरमा तीसरे स्थान पर रहे, 10 प्रमुख मानकों पर हुआ मुख्यमंत्रियों का मूल्यांकन

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट की ओर से जारी ‘बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे 2026’ में मुख्यमंत्री धामी ने देशभर के मुख्यमंत्रियों की रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया है। उन्हें 1000 में से 881 अंक मिले हैं। इस उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है।

सर्वे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 897 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहे, जबकि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा 874 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

10 प्रमुख मानकों पर हुआ मूल्यांकन

सर्वे में देश के 15 मुख्यमंत्रियों को शामिल किया गया। उनका मूल्यांकन सुशासन, कानून-व्यवस्था, व्यक्तित्व, छवि, कार्यक्षमता, प्रभाव, विभागों की समझ, लोकप्रियता, दूरदर्शिता तथा कार्यशैली और परिणाम सहित 10 प्रमुख मानकों पर किया गया। आयोजकों के अनुसार, सर्वे की प्रक्रिया करीब तीन से चार महीने तक चली। इसमें सोशल मीडिया और पारंपरिक मीडिया की प्रतिक्रियाओं, विशेषज्ञों की राय और आम नागरिकों से सीधे संवाद को आधार बनाया गया।

विकास कार्यों और कड़े फैसलों को मिली पहचान

मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को उनकी इस उपलब्धि से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त धर्मांतरण कानून और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण फैसले भी उनकी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड की जनता के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि राज्य सरकार की निर्णय क्षमता और प्रशासनिक कार्यशैली की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्यता को दर्शाती है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles