हल्द्वानी बार एसोसिएशन के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न



हल्द्वानी जजी कोर्ट परिसर में आज हल्द्वानी बार एसोसिएशन के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भव्य एवं गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति श्री राकेश थपलियाल एवं विशिष्ट अतिथि माननीय जिला जज श्री प्रशांत जोशी रहे।
समारोह में न्यायिक अधिकारियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस दौरान सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने न्याय व्यवस्था की गरिमा बनाए रखते हुए निष्पक्षता, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली।
मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति श्री राकेश थपलियाल ने अपने संबोधन में कहा कि न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाने में बार एवं बेंच की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि जब अधिवक्ता और न्यायपालिका आपसी समन्वय, सम्मान एवं सहयोग की भावना से कार्य करते हैं, तभी वादकारियों को समयबद्ध एवं सुलभ न्याय मिल पाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिवक्ताओं का दायित्व केवल मुकदमों की पैरवी तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभाना भी उनका कर्तव्य है।
वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे न्यायालय की गरिमा बनाए रखने, अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करने तथा आमजन को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही न्यायालय में लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण हेतु बार एवं बेंच के बेहतर समन्वय पर भी विशेष जोर दिया गया।
समारोह के दौरान यह संकल्प लिया गया कि न्यायालय परिसर में सकारात्मक वातावरण, अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखते हुए वादकारियों को बेहतर विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे आमजन का न्यायपालिका पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं उपस्थित अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर बार काउंसिल के सदस्य श्री डी.के. शर्मा, श्री मेहरमान सिंह कोरंगा, श्री दिवाकर पांडे, श्री राजन सिंह मेहरा एवं श्री चंद्रशेखर जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह में प्रमुख रूप से वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र सिंह पाल, पूर्व अध्यक्ष किशोर पंत, दीवान सिंह बिष्ट, राम सिंह बसेड़ा, भवन चंद पनेरू, मुकेश तिवारी, जगत सिंह घूरदौड़ा, बसंत जोशी, दिनेश चंद तिवारी, मोहन चंद वर्मा, मोहम्मद यूसुफ, अब्दुल मतीन, प्रकाश कांडपाल, जोगिंदर लाल अरोड़ा, राजीव टंडन, महेश सुयाल, नैनीताल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बिष्ट, रामनगर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित मोहन तिवारी, टैक्स बार अध्यक्ष एन.के. जोशी, हिमांशु कोठारी, दीपक रूबाली, सुनील पुंडीर, योगेंद्र पाठक, विनीत मोंबाइल, रमेश कांडपाल, गोविंद डंगवाल, कोमल जायसवाल, जयवीर सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Ad Ad
webtik-promo

Related Articles