जीजीआईसी हल्द्वानी में अव्यवस्थाओं पर सीडीओ सख्त, मिड-डे मील के चावल की गुणवत्ता खराब मिलने पर जताई नाराजगी

लाइब्रेरी में फर्नीचर गायब, आईटी लैब में बिजली नहीं; हॉकी खेलने की इच्छुक छात्रा को सीडीओ देंगे किट, 25 नवंबर तक सुधार के निर्देश

हल्द्वानी, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नैनीताल अरविंद कुमार पांडे ने शनिवार को पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) हल्द्वानी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी और मुख्य शिक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण में मिड-डे मील की खराब गुणवत्ता से लेकर लाइब्रेरी, खेल मैदान और आईटी लैब की बदहाल व्यवस्थाएं सामने आईं। इस पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

मिड-डे मील के चावल की गुणवत्ता खराब

निरीक्षण के दौरान बच्चों को परोसे जाने वाले मिड-डे मील में इस्तेमाल हो रहे चावल की गुणवत्ता खराब मिली। सीडीओ ने इस पर नाराजगी जताते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी (डीएसओ) को उच्च गुणवत्ता का चावल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डेढ़ करोड़ खर्च के बाद भी लाइब्रेरी में फर्नीचर नहीं

कॉलेज की लाइब्रेरी की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। जिस स्थान पर लाइब्रेरी होनी चाहिए थी, वहां प्रशासनिक भवन और प्रधानाचार्य का कार्यालय संचालित हो रहा था। लाइब्रेरी की किताबें अव्यवस्थित तरीके से बाहर पड़ी थीं। वहीं, खनन न्यास कोष (डीएमएफ) से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराए जाने के बावजूद लाइब्रेरी में फर्नीचर उपलब्ध नहीं था। उपलब्ध फर्नीचर को भी स्टाफ रूम में रखा गया था।

लाइब्रेरियन पूर्णिमा आर्या ने बताया कि तैनाती के दो महीने बाद भी उन्हें पूर्व लाइब्रेरियन संगीता से चार्ज नहीं मिला है। सीडीओ ने फोन पर संबंधित कर्मचारी को उसी दिन चार्ज सौंपने के निर्देश दिए। साथ ही, सीएसआर फंड से फर्नीचर की व्यवस्था करने और लाइब्रेरी को व्यवस्थित रूप से संचालित करने को कहा।

खेल मैदान बदहाल, छात्रा को मिलेगी हॉकी किट

कॉलेज के खेल मैदान में बड़ी-बड़ी घास और गड्ढे मिलने पर सीडीओ ने खेल शिक्षक को तत्काल सफाई और मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि छात्राएं खेल गतिविधियों में भाग लेकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकें।

निरीक्षण के दौरान एक छात्रा ने हॉकी खेलने की इच्छा जताई। उसने बताया कि उसके पास खेलने के लिए न तो उचित जगह है और न ही हॉकी स्टिक, साथ ही उसके पिता भी नहीं हैं। छात्रा की बात सुनकर सीडीओ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए जिला क्रीड़ा अधिकारी को उसका नामांकन कराने और अपनी ओर से हॉकी किट उपलब्ध कराने की घोषणा की।

बिजली कनेक्शन के बिना चल रही थी आईटी लैब

आईटी लैब के निरीक्षण में कंप्यूटर बंद मिले। पूछताछ में बताया गया कि लैब में अभी तक बिजली का कनेक्शन ही नहीं है। इस पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे बच्चों की शिक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने प्रधानाचार्य को तीन दिन के भीतर बिजली कनेक्शन चालू कराने के निर्देश दिए।

विद्यार्थियों से किया संवाद, 25 नवंबर तक सुधार की समयसीमा

निरीक्षण के अंत में सीडीओ ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें शिक्षा और भविष्य में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी कमियों पर नजर रखने और 25 नवंबर तक उनका शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles