नीट की तैयारी कर रही 19 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या, डायरी में मिले संदेश से बढ़ा रहस्य

हल्द्वानी। शहर में नीट (NEET) की तैयारी कर रही मध्य प्रदेश की 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। छात्रा का शव उसके पीजी कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार और कोचिंग संस्थान में शोक की लहर है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की निवासी अंजलि जाटव (19) 30 मई को हल्द्वानी स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में नीट की तैयारी के लिए आई थीं। वह मुखानी क्षेत्र में कोचिंग से संबद्ध एक पीजी में रह रही थीं और 29 जून से उनकी नियमित कक्षाएं शुरू होने वाली थीं।
मंगलवार देर रात एक युवक ने अंजलि की सहेली को फोन कर बताया कि वह उसका फोन नहीं उठा रही है। इसके बाद सहेली ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। कमरे की जांच करने पर अंजलि फंदे से लटकी मिलीं। पुलिस ने खिड़की की जाली काटकर उन्हें नीचे उतारा और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले को और रहस्यमय बनाते हुए कमरे से बरामद एक डायरी में लिखा मिला, “एक को छोड़ दिया है, दूसरे को नहीं छोड़ूंगी।” इस संदेश के बाद पुलिस प्रेम प्रसंग, मानसिक तनाव सहित अन्य संभावित कारणों की भी गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों, कॉल डिटेल्स और इंटरनेट सर्च हिस्ट्री की जांच शुरू कर दी है। साथ ही छात्रा को आखिरी बार फोन करने वाले युवक से भी पूछताछ की जा रही है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों के हल्द्वानी पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और अकेलेपन की समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है।



