सरस मेले में विधायक मोहन सिंह बिष्ट के गीत ने बांधा समां, स्टार नाइट में नीरज उप्रेती की गायकी पर झूमे दर्शक


हल्द्वानी। सरस मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और बॉलीवुड संगीत का शानदार संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने उत्तराखंड की मातृभूमि और हिमालय के गौरव को समर्पित गीत “उत्तराखंड मेरी मातृभूमि, मातृभूमि यो मेरी पितृभूमि, ओ भूमि तेरी जय-जयकारा… म्यर हिमाला” की भावपूर्ण प्रस्तुति दी।
विधायक की इस प्रस्तुति ने मेले में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और हिमालय के प्रति प्रेम एवं गौरव से ओतप्रोत गीत पर पूरा माहौल उत्साह और उमंग से भर गया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनकी प्रस्तुति का स्वागत किया।
वहीं, सरस मेला स्टार नाइट में सारेगामापा फेम प्रसिद्ध लोक गायक नीरज उप्रेती ने अपनी शानदार गायकी से खूब समां बांधा। उन्होंने चुरा लिया है तुमने जो दिल को, बचना ऐ हसीनों और गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं जैसे लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
नीरज उप्रेती की सुरीली आवाज, दमदार अंदाज और शानदार मंचीय प्रस्तुति ने स्टार नाइट को यादगार बना दिया। उनके गीतों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। सरस मेले की स्टार नाइट में उनकी प्रस्तुति आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।




