विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की सक्रियता बढ़ी, हल्द्वानी में संभावित दावेदारों के साथ हुआ मंथन

हल्द्वानी: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज हल्द्वानी स्थित भाजपा कार्यालय में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने हल्द्वानी, कालाढूंगी और लालकुआं विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं और संभावित दावेदारों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और पार्टी की मजबूती को लेकर चर्चा की गई।बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में ‘अबकी बार 60 पार’ के नारे के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर पार्टी जनता के बीच जा रही है। सरकार के विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं के दम पर भाजपा एक बार फिर प्रदेश में मजबूत जनादेश हासिल करने की तैयारी कर रही है।मदन कौशिक ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों का चयन पार्टी की मजबूती और जीत की संभावनाओं के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी संगठन और चुनावी जीत को प्राथमिकता देते हुए उम्मीदवारों का चयन करेगी।हल्द्वानी में हुई इस बैठक को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की चुनावी रणनीति और संभावित प्रत्याशियों के आकलन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




