मुख्यमंत्री धामी के विजन से भीमताल की महिलाओं को मिली आत्मनिर्भरता की नई उड़ान, REAP परियोजना बनी सहारा


हल्द्वानी/भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड” के विजन को साकार करने की दिशा में नैनीताल जनपद में संचालित REAP (रीप) परियोजना ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बन रही है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूहों और महिला संगठनों को स्वरोजगार से जोड़कर स्थायी आजीविका उपलब्ध कराई जा रही है।
इसी क्रम में विकासखंड भीमताल के ग्राम ज्योलीकोट स्थित उड़ान सीएलएफ से जुड़ी गीता नेगी पिछले दो वर्षों से सफलतापूर्वक मोमबत्ती निर्माण इकाई संचालित कर रही हैं। उनकी इकाई आज न केवल महिलाओं की आय बढ़ा रही है, बल्कि क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई है।
महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही सुगंधित, डेकोरेटिव, गिफ्ट और पिंक कैंडल सहित विभिन्न आकर्षक डिज़ाइन की मोमबत्तियों की स्थानीय बाजार के साथ-साथ मेलों और प्रदर्शनियों में भी अच्छी मांग है। गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के कारण इनकी पहचान लगातार बढ़ रही है।
परियोजना के तहत इस इकाई को ₹6 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान की गई, जिससे आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था, उत्पादन क्षमता में वृद्धि और अधिक महिलाओं को रोजगार से जोड़ने में सफलता मिली है।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने कहा कि REAP परियोजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें ‘लखपति दीदी’ बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। भीमताल की यह सफलता मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है।

Related Articles