उत्तराखंड कांग्रेस ने जिला एवं महानगर कार्यकारिणियों का किया गठन, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर


देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को बूथ स्तर तक अधिक सशक्त, सक्रिय और प्रभावी बनाने की दिशा में विभिन्न जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणियों की घोषणा कर दी है। यह घोषणा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से अनुमोदन एवं स्वीकृति मिलने के बाद की गई।
नवगठित कार्यकारिणियों में संगठनात्मक जिला पुरोला, उत्तरकाशी, चमोली, कोटद्वार ग्रामीण, कोटद्वार महानगर, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, देवप्रयाग, हरिद्वार महानगर, हरिद्वार ग्रामीण, रुड़की महानगर, रुड़की ग्रामीण, देहरादून महानगर, पछवादून देहरादून, रुद्रपुर महानगर, काशीपुर महानगर, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, डीडीहाट और चंपावत सहित विभिन्न जिलों एवं महानगरों की कार्यकारिणियां शामिल हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने नव-घोषित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी में सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों से संगठन की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने, पूर्ण निष्ठा और अनुशासन के साथ दायित्व निभाने तथा संगठन को और अधिक सुदृढ़ एवं जनमुखी बनाने की अपेक्षा जताई है।
महासचिव (संगठन/प्रशासन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि शेष जनपदों की कार्यकारिणियों की घोषणा भी शीघ्र की जाएगी।

Related Articles