चोरी का खुलासा न होने पर थाने पहुंचीं महिलाएं, तत्काल कार्रवाई की मांग

हल्द्वानी। साईं मंदिर कॉलोनी में एक सप्ताह पूर्व हुई चोरी की घटना का खुलासा न होने से नाराज क्षेत्र की महिलाओं ने बुधवार को मुखानी थाने पहुंचकर पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने पुलिस अधिकारियों से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद करने की मांग उठाई।
बताया गया कि करीब एक सप्ताह पहले कॉलोनी निवासी सुनील के घर की झोपड़ी तोड़कर अज्ञात चोर दिनदहाड़े नगदी और जेवरात चोरी कर ले गया था। घटना के बाद पीड़ित की ओर से निकटतम पुलिस चौकी में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, घटना के बाद पुलिस की ओर से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बावजूद मामले में कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। महिलाओं का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में चोर चोरी के बाद जाते हुए दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद आरोपी तक नहीं पहुंच पाने से लोगों में नाराजगी है।
महिलाओं ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपी की पहचान करने और जल्द से जल्द चोरी की घटना का खुलासा करने की मांग की। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस दौरान हीरा भोज, कमला राणा, दिया नेगी, धना, आरती थुआल, अनिता, मीना, बीना, आरती मेहता, बर्खा बोरा, मोना धामी, खिला नगरकोटी, शुभम भोज तथा ग्राम प्रधान दिनेश जोशी जी समेत क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।


