हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: पानी के टैंक में दम घुटने से मां और दो बेटों की मौत

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के गोलापार क्षेत्र के मानपुर गांव में मंगलवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसे में मां और उनके दो बेटों की मौत हो गई। प्रारंभिक आशंका है कि पानी के टैंक के भीतर जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण तीनों का दम घुट गया।
जानकारी के अनुसार, मानपुर निवासी 38 वर्षीय धर्मेंद्र बिष्ट अपने घर के पास बने पानी के टैंक की शटरिंग खोलने के लिए टैंक में उतरे, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आए। इसके बाद उन्हें देखने के लिए उनके छोटे भाई 34 वर्षीय खुशाल सिंह बिष्ट टैंक में उतरे, लेकिन वे भी बाहर नहीं लौटे।
दोनों बेटों के काफी देर तक बाहर न आने पर उनकी 59 वर्षीय मां सरस्वती देवी भी टैंक के अंदर चली गईं, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकल सकीं। काफी देर तक तीनों का कोई पता न चलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकालकर तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय (एसटीएच) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि बिष्ट परिवार मूल रूप से नैनीताल जिले के ओखलकांडा विकासखंड के कौंता गांव का निवासी था। धर्मेंद्र बिष्ट प्लंबर का कार्य करते थे, जबकि खुशाल सिंह एक निजी फैक्ट्री में कार्यरत थे। दोनों भाई अपनी मां के साथ गोलापार के मानपुर गांव में रह रहे थे।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।



