नैनीताल से लौट रहे पर्यटकों का टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरा, दो की मौत, 25 घायल


कालाढूंगी/नैनीताल। नैनीताल से घूमकर मेरठ लौट रहे पर्यटकों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर कालाढूंगी के पास भीषण हादसे का शिकार हो गया। वाहन के अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। घायलों में 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मेरठ के ताला फैक्ट्री, इस्लामाबाद क्षेत्र के निवासी कुछ पर्यटक बुधवार को नैनीताल घूमने आए थे। देर शाम सभी टेंपो ट्रैवलर से वापस मेरठ लौट रहे थे। इसी दौरान कालाढूंगी से लगभग तीन किलोमीटर पहले एक मोड़ के पास वाहन के ब्रेक फेल हो गए। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टेंपो ट्रैवलर डिवाइडर तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में 32 वर्षीय नाजमीन पत्नी शाकिर तथा 55 वर्षीय फरद बेगम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया।
कालाढूंगी कोतवाल अरुण सैनी ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, हालांकि प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होना दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।
हादसे में कई महिलाएं, बच्चे और पुरुष घायल हुए हैं, जिनमें सुहेमा (8 वर्ष), तस्वीब्या (11 वर्ष), माहिरा (1 वर्ष), सोफिया (15 वर्ष), सना (22 वर्ष), आशिक (24 वर्ष), साद (2 वर्ष), आयशा (23 वर्ष), अनिशा (40 वर्ष), शाकिर (35 वर्ष), फरत (48 वर्ष), नफीस अहमद, रशीद अहमद, लाइबा (30 वर्ष), उल्बिया (25 वर्ष), मोनिश (30 वर्ष), रेशमा (40 वर्ष) और रुकसाना (50 वर्ष) सहित अन्य लोग शामिल हैं।
इस दर्दनाक हादसे से मेरठ और नैनीताल क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय प्रशासन घायलों के बेहतर उपचार और परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है।

Related Articles