ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, उड़े परखच्चे, 6 की दर्दनाक मौत, 5 एक ही परिवार के

राजस्थान में सुबह-सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। चूरू में तेज रफ्तार कार ट्रक में घुस गई। शनिवार सुबह 8.30 बजे ये हादसा हुआ। इसमें छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इनमें से पांच सदस्य एक ही परिवार के थे।
ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार
मरने वालों में पति-पत्नी, मां-बेटे शामिल है। तो वहीं इसमें एक नौ महीने की बच्ची भी गंभीर रूप से घायल है। पूरा परिवार गोगामेड़ी (हनुमानगढ़) में देवी के दर्शन के लिए जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब एक्सीडेंट हुआ तब तेज धमाके की आवाज सुनाई दी।
कईयों की मौके पर ही मौत
कार में सवार ज्यादातर लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। कार सवार लोगों को तुरंत ही पिकअप में सादुलपुर के हॉस्पिटल में लेकर जाया गया। पुलिस और एम्बुलेंस देर से पहुंची। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि कार काफी स्पीड में आ रही थी। ट्रक के नीचे कार का काफी हिस्सा घुस गया।
6 की दर्दनाक मौत, 5 एक ही परिवार के
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में सोमसीसर गांव तारानगर (चूरू) निवासी 60 साल के भंवर लाल शर्मा, 55 साल की उनकी पत्नी महेंद्र देवी , बहू कविता (28) पत्नी संदीप, यशोदा (34) पत्नी संजय, कविता का बेटा कन्हैया (4 माह) और ड्राइवर मांगीलाल नाई (31) की मौत हो गई। इसके अलावा नौ महीने की बेटी दिव्यांशी गंभीर रूप से घायल हो गई





