हल्द्वानी में कैंसर मरीजों के लिए विशेष ऑन्कोलॉजी ओपीडी शुरू

पर्वतीय न्यूज लाइन


हल्द्वानी। दिल्ली स्थित एचसीएमसीटी मणिपाल अस्पताल ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कैंसर रोगियों के लिए विशेष ऑन्कोलॉजी ओपीडी की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय मरीजों को उनके शहर में ही विशेषज्ञ कैंसर परामर्श और उपचार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
यह ओपीडी प्रत्येक माह के पहले और तीसरे शनिवार को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक कुशवाहा ईएनटी केयर एंड डायग्नोस्टिक सेंटर, हल्द्वानी में संचालित होगी। यहां विभिन्न प्रकार के कैंसर से पीड़ित मरीज विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।
ओपीडी में डॉ. पंकज पांडे, विभागाध्यक्ष एवं कंसल्टेंट, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी एवं रोबोट-असिस्टेड सर्जरी, मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श और उपचार संबंधी सेवाएं प्रदान करेंगे।
डॉ. पांडे ने बताया कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुमान के अनुसार आने वाले वर्षों में भारत में कैंसर के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। उन्होंने कहा कि देश में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (जीआई), स्तन, फेफड़े, मुंह और सर्वाइकल कैंसर के मामले सबसे अधिक सामने आते हैं। छोटे शहरों और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में जागरूकता की कमी तथा समय पर जांच न होने के कारण कई मरीजों में बीमारी का पता उन्नत अवस्था में चलता है, जबकि समय पर पहचान होने पर उपचार के परिणाम काफी बेहतर होते हैं।
उन्होंने कहा कि शुरुआती लक्षणों की अनदेखी बीमारी को गंभीर बना सकती है। जिन मरीजों को सर्जरी की आवश्यकता होती है, उनके लिए मिनिमली इनवेसिव और रोबोट-असिस्टेड कैंसर सर्जरी अधिक सटीक उपचार, तेजी से रिकवरी और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करती है।
डॉ. पांडे ने बताया कि पेट, बड़ी आंत, अग्न्याशय और भोजन नली से जुड़े गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल कैंसर के मामले युवाओं में भी तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा तंबाकू और शराब से दूरी बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि इससे कई प्रकार के कैंसर के जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
उन्होंने विश्वास जताया कि हल्द्वानी में शुरू की गई यह विशेष ऑन्कोलॉजी ओपीडी कैंसर की समय पर पहचान, जागरूकता बढ़ाने और बेहतर उपचार सेवाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
इस अवसर पर डॉ. एच.एल. कुशवाहा, मयंक कुमार, मुनीस सचदेवा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles