देहरादून: ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हादसा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमर मेहता का निधन


देहरादून में कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बन्नू स्कूल ग्राउंड में जर्मन हैंगर स्ट्रक्चर की अंतिम फिटिंग के समय एल्यूमिनियम का भारी खंभा अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर 65 वर्षीय वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमर मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सीएमआई अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
जानकारी के अनुसार, अमर मेहता कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण कर रहे थे। हादसे के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मृत्यु हो गई। अमर मेहता के पुत्र आलोक मेहता महानगर कांग्रेस कमेटी में महामंत्री हैं। घटना के बाद कांग्रेस संगठन में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह हादसा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हुआ, जिससे कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जर्मन हैंगर स्ट्रक्चर की फिटिंग के दौरान एल्यूमिनियम पोल गिरने से हुई इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे निर्माण कार्य के दौरान हुई दुर्घटना माना जा रहा है। अब कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा मानकों और निर्माण कार्यों में बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Related Articles