रामनगर में देह व्यापार का भंडाफोड़, रिसॉर्ट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 52 लोग गिरफ्तार

रामनगर | नैनीताल पुलिस ने रामनगर स्थित एक रिसॉर्ट में छापेमारी कर कथित देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से 10 युवतियों को रेस्क्यू किया तथा 52 लोगों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रेस्क्यू की गई युवतियां नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताई जा रही हैं।
एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर एसओजी और स्थानीय पुलिस ने देर रात संयुक्त कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट में पार्टी चल रही थी। पुलिस के पहुंचते ही रिसॉर्ट का मैनेजर और कुछ कर्मचारी फरार हो गए।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री, अवैध शराब और नकदी बरामद की। जांच में रिसॉर्ट के भीतर बिना लाइसेंस बार संचालित होने और देह व्यापार में रिसॉर्ट प्रबंधन व कर्मचारियों की कथित संलिप्तता के संकेत मिले हैं।
पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, रिसॉर्ट में लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह योजनाबद्ध कार्रवाई की गई। मामले की विस्तृत जानकारी पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा करेगी।



