230 करोड़ की सड़क-ड्रेनेज परियोजनाओं में देरी पर आयुक्त सख्त, समय पर काम पूरा करने के निर्देश

हल्द्वानी। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को यूयूएसडीए की करीब 230 करोड़ रुपये की सड़क एवं ड्रेनेज परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विभागों के बीच समन्वय की कमी से कार्यों में हो रही देरी पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को माइक्रो प्लान बनाकर तेजी से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बरेली रोड पर हाल में हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए आयुक्त ने बताया कि दुर्घटना संभावित स्थान पर अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। साथ ही एनएचएआई को आवश्यक साइनेज लगाने और आम लोगों से रॉन्ग साइड वाहन न चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।



