NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा के लिए नैनीताल पुलिस का अभेद सुरक्षा चक्र, 11 केंद्रों पर 4080 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

हल्द्वानी। NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। 21 जून को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए जिले के हल्द्वानी, लालकुआं, बनभूलपुरा और मुखानी क्षेत्र स्थित 11 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 4080 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्वयं कमान संभालते हुए ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ब्रीफिंग की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

5 जोन और 11 सेक्टरों में बंटी सुरक्षा व्यवस्था

परीक्षा की निगरानी के लिए एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। पूरे परीक्षा क्षेत्र को 5 जोन और 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर पुलिस, महिला पुलिस, एलआईयू, होमगार्ड और CAPF जवानों की तैनाती रहेगी। प्रश्नपत्रों की सुरक्षित आवाजाही के लिए विशेष पुलिस एस्कॉर्ट भी लगाया गया है।

ब्लूटूथ, ईयर डिवाइस और नकल माफिया पर कड़ी नजर

परीक्षा केंद्रों पर DFMD, HHMD और मेटल डिटेक्टरों के माध्यम से अभ्यर्थियों और ड्यूटी कर्मियों की सघन जांच की जाएगी। सूक्ष्म ब्लूटूथ, ईयर डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की पहचान के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर सिस्टम सक्रिय रहेगा तथा CCTV कैमरों और बायोमेट्रिक सत्यापन के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस की विशेष टीमें सॉल्वर गैंग, नकल माफिया और परीक्षा से जुड़े किसी भी संगठित नेटवर्क पर पैनी नजर बनाए रखेंगी। एसओजी, साइबर सेल और एलआईयू को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की भी निगरानी की जा रही है।

परीक्षा केंद्रों के आसपास 100 मीटर दायरे में प्रतिबंध

परीक्षा केंद्रों के आसपास 100 मीटर की परिधि में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू रहेंगे। इस दौरान धरना-प्रदर्शन, लाउडस्पीकर अथवा किसी भी प्रकार की व्यवधानकारी गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। होटल, रिजॉर्ट, गेस्ट हाउस, ढाबों, साइबर कैफे और फोटोकॉपी दुकानों की भी सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं।

महिला अभ्यर्थियों और यातायात के लिए विशेष व्यवस्था

महिला अभ्यर्थियों की गरिमा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनकी जांच महिला पुलिस कर्मियों द्वारा पृथक एनक्लोजर में की जाएगी। वहीं परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस, सीपीयू और डायल-112 की टीमें तैनात रहेंगी। सभी सेक्टर अधिकारी सुबह 9 बजे से अपने-अपने क्षेत्रों में मोर्चा संभाल लेंगे।

नैनीताल पुलिस ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Related Articles