अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हल्द्वानी में भव्य जनपद स्तरीय योग शिविर, 350 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास

हल्द्वानी। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में जनपद स्तरीय भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल एवं एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की गरिमामयी उपस्थिति रही।
आयुष विभाग के निर्देशन में आयोजित योग सत्र में 350 से अधिक पुलिसकर्मियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा तनावमुक्त जीवन और बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग के लिए समय निकालने की अपील की।
कार्यक्रम में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, आयुष विभाग की टीम, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। वहीं एसएसपी के निर्देश पर जनपद के सभी थानों, चौकियों, अग्निशमन इकाइयों और पुलिस लाइनों में भी विशेष योग सत्र आयोजित किए गए।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।



