हल्द्वानी में नालों से हटाए गए 20 से अधिक अवैध अतिक्रमण, जलभराव की समस्या से राहत की पहल


हल्द्वानी। शहर में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन और नगर निगम ने बनभूलपुरा क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाकर लाइन नंबर-1 स्थित ईदगाह के पास नालियों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को जेसीबी की मदद से हटाया गया।
प्रशासन के अनुसार नालियों पर अवैध निर्माण होने के कारण बरसात का पानी सुचारु रूप से नहीं निकल पा रहा था, जिससे सड़कों पर जलभराव हो रहा था और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई लोगों द्वारा आदेश का पालन नहीं किया गया।
इसके बाद प्रशासन ने अभियान चलाकर नालियों पर बने 20 से अधिक अवैध अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles