नैनीताल के शैडो क्षेत्रों में 15 दिन में सुधरेगी मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था, सीडीओ ने दिए सख्त निर्देश


भीमताल। जनपद नैनीताल में मोबाइल नेटवर्क की खराब स्थिति और शैडो क्षेत्रों में कनेक्टिविटी की समस्या को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अरविन्द कुमार पाण्डे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीएसएनएल, जियो, एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया और इंडस टावर्स लिमिटेड के अधिकारियों ने भाग लिया।
सीडीओ ने कहा कि नेटवर्क की कमी से आम लोगों के साथ-साथ सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी ऑनलाइन कार्यों के निष्पादन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सभी दूरसंचार कंपनियों को नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त सर्वेक्षण कर 15 दिनों के भीतर मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था में प्रभावी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि नेटवर्क की अनुपलब्धता के कारण एमएमएस मॉनिटरिंग सिस्टम, विभिन्न ऑनलाइन मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग प्रणालियां, दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM), आरईएपी (REAP), विकसित भारत बीजीआरएम (BGRM) सहित कई विभागीय पोर्टलों और मोबाइल एप्लीकेशनों पर काम प्रभावित हो रहा है। साथ ही मस्टर रोल की ऑनलाइन प्रविष्टि और अन्य विभागीय कार्य भी समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं।
बैठक में हल्द्वानी-भीमताल मार्ग पर कई स्थानों पर नेटवर्क न मिलने की समस्या पर भी चर्चा हुई। सीडीओ ने संबंधित कंपनियों को पूरे मार्ग का सर्वेक्षण कर जहां आवश्यकता हो वहां मोबाइल टावरों की क्षमता, फ्रीक्वेंसी और नेटवर्क कवरेज में तकनीकी सुधार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा हल्द्वानी-भुजियाघाट-नैनीताल मार्ग के नेटवर्क प्रभावित हिस्सों में भी जल्द सुधार करने को कहा गया।
सीडीओ ने कहा कि नैनीताल देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। ऐसे में प्रमुख पर्यटन स्थलों और संपर्क मार्गों पर मोबाइल नेटवर्क की कमी से पर्यटकों को असुविधा होती है और जिले की पर्यटन छवि भी प्रभावित होती है। उन्होंने सभी सेवा प्रदाता कंपनियों को पर्यटन क्षेत्रों में निर्बाध मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से कोटाबाग, पंगोट, धारी, रामनगर के ढिकुली क्षेत्र तथा ओखलकांडा विकासखंड के नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र मोबाइल कनेक्टिविटी मजबूत करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि सभी कंपनियां आपसी समन्वय के साथ तय 15 दिन की समयसीमा में जनपद के सभी शैडो क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क सेवाएं सुचारु करना सुनिश्चित करें।

Related Articles