पेपर लीक और छात्र आंदोलनों को लेकर राष्ट्रपति को ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग

हल्द्वानी। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया ने देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं तथा छात्र आंदोलनों के दौरान की जा रही कार्रवाई को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित एक ज्ञापन प्रेषित किया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से लाखों अभ्यर्थियों और उनके परिवारों का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास कमजोर हुआ है। साथ ही, जंतर-मंतर सहित विभिन्न स्थानों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ की जा रही कार्रवाई पर भी चिंता व्यक्त की गई है।
दीपक बल्यूटिया ने कहा कि छात्र संविधान प्रदत्त अधिकारों के तहत निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और समान अवसर की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण विरोध कर रहे छात्रों के साथ बल प्रयोग और हिरासत जैसी घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं हैं।
राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने, शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने तथा पारदर्शी और विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है।
ज्ञापन के अंत में दीपक बल्यूटिया ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखने और परीक्षा प्रणाली में उनका विश्वास बहाल करने के लिए इस मामले में शीघ्र एवं प्रभावी हस्तक्षेप आवश्यक है।



