ज्योलीकोट में बड़ा सड़क हादसा: 40 मीटर गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की टवेरा, चालक समेत दो गंभीर

नैनीताल। नैनीताल से घूमकर लौट रहे लखनऊ के छह पर्यटकों की टवेरा गुरुवार सुबह ज्योलीकोट के पास अनियंत्रित होकर लगभग 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य पर्यटकों को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार गोमतीनगर, लखनऊ निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। गुरुवार सुबह सभी पर्यटक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टवेरा वाहन संख्या UK04TB-3870 से काठगोदाम की ओर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि ज्योलीकोट नंबर-1 से कुछ आगे वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में चालक संग्राम सिंह समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है। अन्य चार घायलों का भी उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने से हादसा होने की बात सामने आई है।

